Saturday, June 12, 2010

लोगों से मिले, फरियाद सुनीं

जोधपुर। एक दिन की गृहयात्रा पर आए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार को यहां व्यस्त कार्यक्रमों में से कुछ समय निकाल कर लोगों से मिले और उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री गहलोत करीब साढे सात घंटे जोधपुर में रहे। इस दौरान सर्किट हाउस में लोगों का जमावडा लगा रहा। गहलोत ने इनकी समस्याएं सुनने के साथ ही कुछ जरूरतमंदों को तत्काल सहायता भी मुहैया करवाई।

एक पखवाडे में दूसरी बार अपने गृहनगर आए गहलोत सुबह दस बजे एयरपोर्ट पहुंचे। यहां गणमान्य नागरिकों व कांग्रेस जनों ने उनका स्वागत किया। यहां कुछ शिक्षक संगठनों ने उनको ज्ञापन भी सौंपें। सर्किट हाउस पहुंचने के बाद गहलोत ने प्रमुख लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने संभाग के दूर-दराज की गांव ढाणियों से आए लोगों के साथ स्थानीय फरियादियों की फरियाद धैर्य व इत्मिनान के साथ सुनी और मौके पर ही जिला कलक्टर को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यक्रमों में चले गए और करीब डेढ घंटे बाद दोपहर करीब एक बजे पुन: सर्किट हाउस आए। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद लोगों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोपहर दो बजे से तीन बजे तक विश्राम किया और दुबारा कार्यक्रमों में भाग लेने रवाना होने से पहले जन सुनवाई की। मुख्यमंत्री सभी प्रतिनिधि मण्डलों से मिले। बाद में मुख्यमंत्री अपराह्न साढे तीन बजे विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने रवाना हुए। मुख्यमंत्री गहलोत पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता खेतसिंह राठौड के घर गए और उनसे मुलाकात की। गहलोत शाम 5.40 पर विमान से जयपुर के लिए रवाना हो गए।

No comments:

Post a Comment