Thursday, June 10, 2010

जान बचाने वाला वाहन जानलेवा साबित हुआ

jodhpur,108,pipar,city,mathu
पीपाड़ (जोधपुर)। बुधवार सुबह बिलाड़ा तहसील के पीपाड़ शहर से दस किलोमीटर दूर कोसाणा गांव के पास बाइक पर बीज खरीदने पीपाड़ शहर आ रहे एक ग्रामीण को एक अज्ञात 108 सेवा के वाहन चालक ने सामने से टक्कर मार दी। जिससे ग्रामीण बुरी तरह से जख्मी हो गया, उसे स्थानीय लोगों ने पीपाड़ शहर पंहुचाया। वहां उसकी हालत को गंभीर देखते हुए उसे जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में रैफर कर दिया,जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार पीपाड़ा में 108 एंबुलेंस सेवा नहीं है, ऐसे में यह वाहन कहां से आया था और कहां जा रहा था इस बारे में छानबीन की जा रही है।

मासूम की मौत पर फूटा गुस्सा

jodhpur suncity balak kudi truck accident
जोधपुर. पाली बाईपास पर कुड़ी भगतासनी के पास बुधवार शाम एक कंटेनर के बिजली के तारों में उलझ जाने से छह खंभे टूट गए। इनमें से एक बस्ती में खेल रहे बालक पर गिरा जिससे उसकी मौत हो गई। इससे गुस्साए लोगों ने करीब बीस मिनट तक हाइवे जाम कर दिया।
पाली रोड की ओर से आ रहा एक कंटेनर तारों में उलझकर इन्हें दस फुट तक खींच ले गया। इससे तार टूटने के साथ ही सीमेंट के छह खंभे भी टूट कर गिर गए। हाउसिंग बोर्ड क्वार्टर के पास बसी कच्ची बस्ती में रहने वाला 11 वर्षीय सुनील उर्फ सूरज पुत्र हजारीलाल उस वक्त घर के बाहर खेल रहा था। एक खंभा उसके सिर पर भी गिरा जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरी बस्ती सड़क पर आ गई तो चालक कंटेनर लेकर भागने लगा।

लोगों ने पीछा कर कंटेनर को पकड़ लिया और चालक को बुरी तरह पीटने लगे। बाईपास चौराहे पर तैनात पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे छुड़ाया और गंभीर हालत के मद्देनजर उसे अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद लोगों ने हाइवे जाम कर दिया।
लोगों ने सुनील के आश्रितों को मुआवजा देने, बाईपास से गुजरने वाली बिजली की लाइन को अंडर ग्राउंड करने, बाईपास पर यातायात पुलिस तैनात करने तथा वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की।

उम्मेद अस्पताल में हंगामा

ग्लूकोज बदलने को लेकर परिजन नर्स से उलझा

जोधपुर। उम्मेद अस्पताल के पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड (१) में बुधवार दोपहर एक परिजन ने अपने मरीज के उपचार को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। इस दौरान उसने यहां कार्यरत वार्ड की नर्स को भला बुरा कहा। इसके चलते वार्ड में भारी भीड़ जमा हो गई।



सूचना मिलने पर खाण्डा फलसा थाने से पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया वार्ड में भर्ती सावित्री नामक मरीज का परिजन का ग्लूकोज बदलने को लेकर एक कार्यरत नर्स से उलझ गया, नर्स ने उसे समझाने की भी कोशिश की लेकिन युवक नहीं माना और भला बुरा कहने लगा। जबकि वह ग्लूकोज बदलने की तैयारी कर चुकी थी।



युवक ने नर्स को यह कहकर धमकाया कि वह भी अस्पताल में काम करता है। सूत्रों ने बताया कि वह एमडीएमएच में सफाईकर्मी है। वार्ड में हंगामा करने के बाद युवक नर्सिंग अधीक्षक कार्यालय गया। लेकिन वहां उसे सही जवाब नहीं मिला। हंगामे के चलते वार्ड में कई देर तक काम बाधित हुआ।

विद्यार्थी मित्रों ने सौंपा ज्ञापन

जोधपुर । विद्यार्थी मित्र शिक्षक संघ की ओर से बुधवार को जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री व शिक्षामंत्री को ज्ञापन भेजकर पांच सूत्री मांगों के निस्तारण का आग्रह किया। इस बीच कलक्ट्रेट के बाहर संघ का धरना सातवें दिन बुधवार को जारी रहा।

धरने पर बैठे विद्यार्थी मित्रों को संबोधित करते राजस्थान शिक्षक संघ (प्रगतिशील) के मेहकाराम विश्नोई ने कहा कि मांगों पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। उधर विद्यार्थी मित्रों की ओर से बीकानेर में निदेशालय के सामने पडाव शुरू कर दिया गया है।

Wednesday, June 9, 2010

जोधपुर वार्ड कप क्रिकेट में भिड़े खिलाड़ी


जोधपुर. बरकतुल्लाह खां स्टेडियम में रविवार दोपहर क्रिकेट मैच के दौरान खिलाड़ी आपस में भिड़ गए। इस दौरान कुछ समर्थक भी मैदान में कूद पड़े और बैट व स्टंप से एक-दूसरे पर वार करने लगे। इस दौरान एक खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को मैदान से बाहर खदेड़ा। रविवार सुबह वार्ड संख्या 32 की टीम सिंधी क्लब-ए तथा वार्ड-49 की टीम एकता प्रोपर्टी के बीच मैच चल रहा था। सिंधी क्लब की टीम ने विरोधी टीम को 160 रन का लक्ष्य दिया।

इसी दरम्यान एक खिलाड़ी को एलबीडब्ल्यू करार देने के लिए की गई अपील को लेकर विवाद हो गया। दर्शक दीर्घा में बैठे कुछ समर्थक मैदान में घुस आए और बॉलर अनवर के एक्शन को संदिग्ध बताते हुए विरोध किया।
मारपीट में उदयमंदिर के गाय की फाटक निवासी शाकिर उर्फ राजू (26) पुत्र समरुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गया। झगड़े में 4-5 अन्य को भी चोटें लगीं। घायल शाकिर को एमडीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

एक किलो सोना बरामद

जोधपुर. रातानाडा थाना क्षेत्र में छह जगह हुई नकबजनी की वारदातों में पुलिस ने अधिकांश सोने व चांदी के आभूषण के साथ नकदी भी बरामद कर ली है। पुलिस ने गत एक जून को नकबजन गिरोह का खुलासा कर गैंग की महिला सरगना सहित पांच जनों को गिरफ्तार किया था। एक अन्य आरोपी बाद में पकड़ा गया। बुधवार को इन्हें पुन: न्यायालय में पेश किया जाएगा।

थानाधिकारी अमित सिहाग ने बताया कि क्षेत्र में नकबजनी की वारदातें करने वाले गिरोह की सरगना न्यू लोको कॉलोनी रेलवे क्वार्टर निवासी मैनादेवी के साथ उसके दो बेटे ताराचंद व विक्रम तथा किशन पुत्र भगवान नायक, बरकत अली पठान को गिरफ्तार किया था। मैना को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया, जबकि अन्य चारों आरोपियों को रिमांड पर लिया।
इस गिरोह से चोरी का माल खरीदने वाले माता का कुंड, चांदपोल निवासी राजेन्द्र सोनी उर्फ राजू पुत्र लालचंद को गिरफ्तार कर ढाई तोला वजनी सोने का नेकलेस व 413 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए थे।

दो रुपए के लिए तोड़ दिए दांत


जोधपुर. बारहवीं रोड चौराहे के निकट स्थित एक भोजनालय में खाना खाने आए दो युवकों की बिल भुगतान में दो रुपए की बात को लेकर काउंटर पर बैठे व्यक्ति से बहस हो गई। इनमें से एक युवक की होटल संचालक व कर्मचारियों ने बेरहमी से पिटाई कर दी।

सरदारपुरा थाने के एएसआई नरपतसिंह ने बताया कि बारहवीं रोड क्षेत्र निवासी अशोक पुत्र रामनिवास गोदारा प्रोपर्टी डीलर का काम करता है। रविवार शाम वह अपने रिश्तेदार रवि के साथ श्रीराम भोजनालय में खाना खाने पहुंचा। यहां इनका बिल 127 रुपए का बना। अशोक का कहना है कि उसने 125 रुपए का भुगतान कर दिया।

काउंटर पर बैठे संचालक ने दो रुपए खुले मांगे तो उसने अपनी जेब से दो रुपए का सिक्का निकालकर काउंटर पर रखा। यह सिक्का फिसलकर काउंटर के भीतर गिर गया। उसने संचालक से कहा कि सिक्का अंदर की ओर गिरा है, आप निकाल लेना।